सोनिया चौधरी (अपूर्वा)
गाजियाबाद। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पशुपति अखाड़ा के महंत पंकज त्यागी को राजस्थान के कन्हैया लाल की तरह जान से मारने की धमकी भरे खत मिले हैं। जिनमें पंकज त्यागी का गला काटने की धमकी दी गई है। इस संबंध में भाजपा नेता ने एफ आई आर भी दर्ज कराई है।
पंकज त्यागी ने पुलिस पर यह आरोप लगाए हैं कि शिकायत मिलने और एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने बताया कि जिस तरह दिनदहाड़े निर्दोष कन्हैयालाल को मार दिया गया उसी प्रकार उन्हें भी कत्ल करने की धमकियां मिल रही है लेकिन पुलिस आरोपियों को पकड़ने में विफल रही है और उन्हें अभी तक किसी प्रकार की कोई सुरक्षा भी मुहैया नहीं कराई गई है।
उन्होंने कहा कि आखिर पुलिस प्रशासन कब जागेगा जब मेरे साथ भी कन्हैयालाल जैसी घटना हो जाएगी। पंकज त्यागी ने हमारे संवाददाता से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस प्रशासन निकम्मा हो चुका है इसलिए इस तरह के मामलों को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
वहीं जब गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी से इस मामले में बातचीत की तो उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।