दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के बाद इन दिनों आम आदमी पार्टी देशभर में विस्तार योजना पर काम कर रही है। पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल इन दिनों हिमाचल और गुजरात में काफी मेहनत कर रहे हैं। वह यह भी दावा करते हैं कि देशभर में आप के लिए समर्थन बढ़ रहा है और भाजपा उनसे डरने लगी है। इस लिहाज से सर्वे का नतीजा 'आप' के लिए उत्साहजनक नहीं है। सर्वे के मुताबिक यदि देश में आज लोकसभा चुनाव हो जाए तो आम आदमी पार्टी को 5 लोकसभा सीटों पर जीत से ही संतोष करना पड़ेगा। हालांकि, यह पार्टी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा। 2019 में पार्टी को महज पंजाब में एक सीट पर जीत मिली थी।
दिल्ली में कितनी सीटें जीत सकती है AAP?
इंडिया टीवी मैटराइज सर्वे के मुताबिक, दिल्ली में एक बार फिर भाजपा क्लीनस्वीप कर सकती है। पिछले दो विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली 'आप' को लोकसभा चुनाव में फिर निराशा मिल सकती है। सर्वे का नतीजा बताता है कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो दिल्ली की सभी 5 लोकसभा सीटों भाजपा का कब्जा हो सकता है। केजरीवाल की पार्टी खाली हाथ रह सकती है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने सूपड़ा साफ कर दिया था।
पंजाब से आप को उम्मीदें
2014 के लोकसभा चुनाव में 4 सीटें जीतने वाली पार्टी को 2019 लोकसभा चुनाव में निराशा का सामना करना पड़ा था। पार्टी को पंजाब में महज संगरूर लोकसभा सीट पर जीत मिली थी। तब सांसद बने भगवंत मान के सीएम बन जाने के बाद यह सीट खाली हुई और उपचुनाव में अकाली दल ने जीत हासिल की। इस वजह से अभी लोकसभा में 'आप का एक भी सांसद नहीं है। सर्वे के मुताबिक, पंजाब विधानसभा में बहुमत हासिल करने के बाद पार्टी को अब लोकसभा चुनाव में भी बेहतर परिणाम मिल सकता है। पार्टी यहां 5 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है।