अगस्त से शुरू हो जाएगी सेना में भर्ती, कैसे होगी आइए जानते हैं...?



 पहले चरण में आर्मी के लिए 40 हजार, नेवी के लिए 3 हजार और एयरफोर्स के लिए 3 हजार 500 अग्निवीरों की भर्ती होगी।

 भारतीय सेनाओं में भर्ती के लिए केंद्र सरकार ने अग्निपथ भर्ती योजना लॉन्च कर दी है। इस योजना के अनुसार भारतीय सेनाओं में चार साल के लिए भर्ती की जाएगी और उन सैनिकों को 'अग्निवीर' कहा जाएगा। इस भर्ती के लिए ट्रेंनिंग भी दी जाएगी और चार सालों के बाद परफॉरमेंस के आधार पर कुछ सैनिकों को बरकरार रखा जाएगा और बाकी को रिटायर कर दिया जाएगा। अग्निवीरों की भर्ती की प्रक्रिया 90 दिन के भीतर शुरू हो जाएगी और पहला बैच 2023 में आएगा।

कैसे होगी अग्निवीरों की भर्ती? 
भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के अनुसार 17 से 21 वर्षीय युवाओं को सेना में भर्ती का मौका दिया जाएगा। उन्हें 2 महीने से लेकर 6 महीने तक ट्रेनिंग दी जाएगी। इन अग्निवीरों के हाथ में हैंड हेल्ड टारगेट सिस्टम भी दिए जाएंगे और साथ ही जवानों को होलोग्राफिक्स, नाइट, फायर कंट्रोल सिस्टम से भी लैस किया जाएगा।
    क्या है इस भर्ती की योग्यता? 
    इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि पुरुष और महिला दोनों को ही सेना में सेवा देने का अवसर मिलेगा। इस भर्ती का हिस्सा बनने के लिए 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के युवा योग्य माने जाएंगे। सभी इस बात का ध्यान रखें कि जो फिजिकल और मेडिकल स्टैंडर्ड वर्तमान समय में भारतीय सेना में भर्ती के लिए तय किए गए हैं उसी आधार पर अग्निवीर की भर्ती की जाएगी। सेना के नियमों और शर्तों के अनुसार 10वीं और 12वीं पास कर चुके युवा इस योजना का हिस्सा बन सकते हैं।
    4 साल खत्म होने के बाद क्या होगा? 
    अग्निपथ योजना के तहत जो उम्मीदवार चुने जाएंगे उन्हें सेना में 4 साल तक अग्निवीर के रूप में अपनी सेवाएं देनी होगी। 4 साल के बाद अग्नि वीरों को सेना की नौकरी छोड़ देनी पड़ेगी। सेना की जरूरतों के अनुसार 25 फीसद सैनिकों को रेगुलर कैडर का हिस्सा बनाया जाएगा और बाकी सैनिकों को रिटायर कर दिया जाएगा। अग्निवीरों को 4 साल की नौकरी के बाद सेवा निधि पैकेज दिया जाएगा और सेना में 4 साल की सेवा पूरी करने के बाद करीब 11.7 लाख रुपये एकमुश्त ब्याज दिया जाएगा।

    कितनी होगी सैलरी?

    इस योजना के तहत अग्नि वीरों को सालाना 4.76 लाख रुपये सैलरी के रूप में दिया जाएगा। इन सैनिकों को हार्डशिप पैकेज और रिस्क पैकेज अलग से दिए जाएंगे। इसके साथ ही चौथे साल में सैलरी बढ़ाकर 6.92 लाख रुपये कर दी जाएगी। चार साल खत्म होने का बाद करीब 11.7 लाख रुपये एकमुश्त ब्याज दिया जाएगा।
    कब शुरू होगी भर्ती
    इस बीच लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने बताया कि अग्निवीरों की पहली रैली 90 दिन के भीतर शुरू हो जाएगी। पहला बैच 2023 में आएगा। इसमें सिपाहियों, एयरमैन और सेलर्स की भर्ती होगी। इसके लिए उम्र साढ़े 17 साल से 21 साल के बीच होनी चाहिए। नई प्रक्रिया में, अग्निवीरों को बेहद टेक्निकल माहौल में ट्रेन किया जाएगा। यह ट्रेनिंग 10 सप्‍ताह से लेकर अधिकतम छह महीने चलेगी। ट्रेनिंग पीरियड मिलाकर उनकी कुल सर्विस चार साल की होगी।